कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग की छापामार कार्रवाई, ग्राम सुलोनी में मिला भारी मात्रा में अवैध भंडारण

सक्ति, 09 अप्रैल 2026।
जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है।
इसी कड़ी में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर तहसील सक्ती के ग्राम सुलोनी में अवैध रेत भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।
राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर जांच के दौरान लगभग 1000 ट्रिप (ट्रैक्टर-ट्रॉली) रेत का अवैध भंडारण पाया।
टीम ने नियमानुसार पूरी रेत को जब्त कर लिया है और मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध खनन या भंडारण की जानकारी मिले तो प्रशासन को इसकी सूचना दें।









