डीजे कोर्ट सारंगढ़ में डिजिटल कंप्यूटर कक्ष निर्माण हेतु वर्चुअल भूमिपूजन सम्पन्न..
सारंगढ़, 1 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ में न्यायिक अधोसंरचना और डिजिटलीकरण को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिला एवं अपर सत्र न्यायालय परिसर में डिजिटल कंप्यूटर कक्ष के निर्माण हेतु वर्चुअल भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर माननीय न्यायाधीश न्यायमूर्ति सचिन सिंह राजपूत (पोर्टफोलियो जज, सिविल जिला रायगढ़) भी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
मुख्य न्यायाधीश ने अपने संबोधन में अधिवक्ता संघ एवं न्यायालयीन कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें, जिससे न्यायालय की कार्यप्रणाली अधिक सुचारु और प्रभावी बन सके।
इस अवसर पर अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं के तहत खरसिया (जिला रायगढ़) में न्यायिक अधिकारियों के लिए आवास निर्माण तथा सारंगढ़ न्यायालय में डिजिटल कंप्यूटर कक्ष के निर्माण का भूमि पूजन एवं शिलान्यास भी वर्चुअल माध्यम से किया गया।
डिजिटल कंप्यूटर कक्ष का निर्माण न्यायिक कार्यों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देगा, जिससे कार्यक्षमता में वृद्धि और मामलों के त्वरित निपटारे में सहायता मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा द्वारा राज्य के दूरस्थ जिला मुख्यालयों और न्यायालयों का लगातार दौरा कर अधोसंरचना की कमी को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इनके परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ में न्यायिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों को बेहतर वातावरण में शीघ्र न्याय प्राप्त हो सकेगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री के अधिकारीगण, तथा रायगढ़, खरसिया एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ के न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्तागण, न्यायालयीन कर्मचारी और पत्रकारगण वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।









