दुर्ग में अफीम की अवैध खेती पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, आरोपी के भाई की अवैध दुकान पर चला बुलडोजर
दुर्ग। जिले में सामने आए अफीम की अवैध खेती के मामले ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। इस मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए समोदा गांव में मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार की अवैध दुकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार तहसीलदार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था के बीच अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात रहे, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने।
दरअसल, समोदा गांव के एक फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती का खुलासा हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी। इस मामले में पुलिस पहले ही भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
मामले के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने भी सख्त रुख अपनाते हुए विनायक ताम्रकार को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।








