खनिज–शराब की अवैध गतिविधियों पर सख्ती, होली से पहले प्रशासन अलर्ट
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कानून व्यवस्था व सड़क सुरक्षा की ली समीक्षा बैठक..
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 फरवरी 2026।
डॉ. संजय कन्नौजे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में पुलिस, वन, राजस्व, खनिज, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीडब्ल्यूडी, पशुधन विभाग और नगरपालिका के अधिकारी उपस्थित रहे।
होली पर्व को देखते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिले में कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अवैध गतिविधियों पर पूरी सख्ती बरती जाए। विशेष रूप से रेत, गिट्टी और पत्थर के अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश एसडीएम को दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि हाइवा और पोकलेन मशीनों के जरिए यदि कहीं भी अवैध उत्खनन पाया गया तो संबंधितों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। रात्रिकालीन अवैध खनन पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी खनिज विभाग को दिए गए।
अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने पर जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि होली के दौरान अवैध शराब का विक्रय किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस और आबकारी विभाग को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कानून व्यवस्था के मद्देनज़र भारत माता चौक के आसपास प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यहां धरना-प्रदर्शन या पुतला दहन की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए एसडीएम को वैकल्पिक स्थान चिन्हांकित करने के निर्देश दिए गए हैं।
होली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फ्लैग मार्च आयोजित किए जाएंगे। वन, राजस्व और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से सतर्कता बरतने को कहा गया है।
इसके अलावा सारंगढ़ बस स्टैंड एवं मुख्य मार्गों पर नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े टैक्सी व अन्य वाहनों पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।







