रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन आघात” में बड़ी कामयाबी: 7 किलो गांजा सहित तीन गिरफ्तार…
रायगढ़, 22 फरवरी: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री रोकने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” ने कल बड़ी सफलता हासिल की। थाना कोतरारोड़ और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के पास दो महिलाएं और एक पुरुष को 7 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर यह लोग गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। तुरंत थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 7.110 किलो गांजा और नगद 4,000 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम और पता बताए:
सोनी चौहान (35 वर्ष) – पिता स्व. रामलाल चौहान, तिलाईपाली, थाना भूपदेवपुर, रायगढ़।
सुमन यादव (30 वर्ष) – पति स्व. सुरेश यादव, सीतामणी, थाना सिटी कोतवाली, कोरबा।
वासुदेव साहू (25 वर्ष) – पिता हृदय लाल साहू, बुढहनपुर, थाना नगरदा, जिला सक्ती।
अपराधियों ने बताया कि उन्होंने 19 फरवरी 2026 को उड़ीसा से गांजा खरीदकर रायगढ़ लाया था और बिक्री के लिए तैयार कर रहे थे।
इस पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 51/2026, धारा 20(B) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







