मुकदमे में समझौता न करने पर मां-बेटी को मिल रहीं धमकियां, पीड़िता ने अधिकारियों से लगाई सुरक्षा की गुहार
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर क्षेत्र के ग्राम मैनी निवासी 20 वर्षीय पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मुकदमे में समझौता न करने पर उसे और उसकी 80 वर्षीय बीमार मां को लगातार धमकियां दी जा रही हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पक्ष जान से मारने की धमकी देकर दबाव बना रहा है।
पीड़िता के अनुसार, गांव के पास के ही होशियार यादव व सतीश यादव द्वारा एक वर्ष पूर्व उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में थाना फरीदपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुकदमे के बाद से आरोपी लगातार समझौते का दबाव बना रहे हैं।
आरोप है कि समझौता न करने पर आरोपी पक्ष रात के समय घर पर आकर गालियां देता है और डराने-धमकाने की कोशिश करता है। कई बार थाना पुलिस को सूचना देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मी आरोपी पक्ष से मिलकर उसे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
पीड़िता ने बताया कि थाना फरीदपुर में तैनात सिपाही गुलई यादव द्वारा बार-बार उसके घर आकर दबाव बनाया गया। आरोप है कि पुलिस द्वारा बार-बार तलाशी के नाम पर परेशान किया जा रहा है, जिससे पूरा परिवार भय के साये में जी रहा है।
पीड़िता ने इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है, जिसकी जिम्मेदारी आरोपी और संबंधित पुलिसकर्मियों की होगी।


