जनहित के काम ठप! फरीदपुर नगर पालिका में सभासदों का चेयरमैन के खिलाफ मोर्चा
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर नगर पालिका परिषद में सोमवार को सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। देवेंद्र सिंह टोनी के नेतृत्व में कई सभासदों ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए अध्यक्ष पर हठधर्मिता और मनमानी के चलते जनहित के कार्यों को बाधित करने का आरोप लगाया। इस दौरान सभासदों ने चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी भी की। ठेकेदारों ने भी इसी संबंध में अलग से ज्ञापन सौंपा।
सभासदों का कहना है कि बोर्ड बैठक में पारित प्रस्ताव के अनुसार सफाई व्यवस्था के लिए आउटसोर्सिंग पर रखे गए 35 श्रमिकों को अक्टूबर 2025 से लगातार कार्य कराया जा रहा है, लेकिन अब तक उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। भुगतान न होने से कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है।
देवेंद्र सिंह टोनी और अन्य सभासदों ने आरोप लगाया कि जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद आमंत्रित निविदाओं के तहत ठेकेदारों द्वारा कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं, इसके बावजूद उनके भुगतान रोके गए हैं। संबंधित बिल अवर अभियंता द्वारा तैयार किए जा चुके हैं और जिलाधिकारी द्वारा गठित समिति से सत्यापित भी हो चुके हैं। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) और जिलाधिकारी बरेली से भी भुगतान के लिए अनुमोदन प्राप्त हो चुका है।
सभासदों ने यह भी बताया कि फरवरी 2025 में स्वीकृत कार्ययोजना के अंतर्गत प्रस्तावित आपूर्ति कार्य अब तक शुरू नहीं कराए गए हैं, जिससे नगर क्षेत्र में कई जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
इसके अलावा अक्टूबर 2025 के बाद से नगर पालिका बोर्ड की कोई बैठक नहीं बुलाई गई है। सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष पिछले तीन माह से कार्यालय में भी उपस्थित नहीं हो रहे हैं और सारा कार्य आवास स्थित कैंप कार्यालय से संचालित किया जा रहा है, जिससे आम जनता के साथ-साथ सभासदों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन सौंपने वालों में राजेश कुमार अग्रवाल (मामा), अब्दुल रशीद, जुम्मन नबी, हसीन खान, संजीव शुक्ला सहित अन्य सभासद शामिल रहे।
सभासदों ने अधिशासी अधिकारी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत कराने और लंबित भुगतानों समेत सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।


