19 फरवरी तक छूटे बच्चों के लिए स्कूलों में होगा आधार पंजीयन एवं बायोमेट्रिक अपडेट कैंप
*5 से 15 वर्ष के बच्चों का बनेगा आधार कार्ड*
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 09 फरवरी 2026/ मुख्य सचिव विकासशील द्वारा वीसी के माध्यम से जिले में आधार सेचुरेशन के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं, जिसके पालन में 05 से 15 वर्ष के बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए जिले के चिन्हांकित स्कूलों में आधार पंजीयन एवं बायोमैट्रिक अपडेट कैंप लगाया जाएगा। 09 फरवरी से 19 फरवरी तक लगने वाले कैंप के माध्यम से शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत 05 वर्ष से 15 वर्ष के ऐसे बच्चों, जिनका आधार कार्ड नहीं बना है अथवा जिनका बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है, उनके लिए विद्यालय स्तर पर आधार पंजीयन कर कार्ड बनाया जाएगा।
कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने एवं कैंप के सफल आयोजन के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए हैं। ईडीएम गंगाधर विश्वकर्मा ने बताया की आधार कार्ड बनाने एवं बायोमेट्रिक अद्यतन के लिए कैंप के माध्यम से नए आधार कार्ड और बायोमेट्रिक अद्यतन करने का शत प्रतिशत लक्ष्य कर रखा गया है।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी प्राचार्य एवं प्रधान पाठकों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने कैंप आयोजन से पहले स्कूलों को आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा आधार से छूटे हुए बच्चों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड बनाने के लिए प्रत्येक बच्चे के लिए जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल आईडी तथा पालक, अभिभावक का आधार कार्ड आदि दस्तावेज लगेंगे।पालक एवं अभिभावकों को पूर्व सूचना देकर निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए अवगत कराया जाएगा। कैंप आयोजन हेतु विद्यालय में उपयुक्त कक्ष, फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था तथा आवश्यकता अनुसार इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।


