अल्दा ग्राम सभा में गूंजा नारा— अब गांव संभालेंगी महिलाएं! महिला कमांडो संगठन का गठन, नशे पर सीधा वार
दिलीप वर्मा _ जिला रिपोर्टर
अल्दा ग्राम सभा की बैठक में एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया गया। गांव की सुरक्षा को मजबूत करने और नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई छेड़ने के लिए महिला कमांडो संगठन का गठन किया गया। यह फैसला ग्राम सभा में सर्वसम्मति से हुआ, जहां महिलाओं का जोश और एकजुटता देखने लायक रही।
बैठक में महिला कमांडो संगठन की औपचारिक नियुक्ति की गई। संगठन से जुड़ी महिलाएं अब गांव की आंतरिक सुरक्षा पर नजर रखेंगी, असामाजिक तत्वों पर लगाम कसेंगी और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए मैदान में उतरेंगी।
ग्राम सभा में मौजूद ग्रामीणों ने साफ कहा—
*“अब नशा नहीं, अब डर नहीं… गांव की कमान महिलाओं के हाथ!”*
महिलाओं ने एक सुर में संगठन को पूरा सहयोग देने का संकल्प लिया और कहा कि गांव में किसी भी तरह की गलत गतिविधि अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिला कमांडो संगठन को गांव की नई ताकत बताते हुए ग्रामीणों ने इसे सामाजिक बदलाव की दिशा में बड़ा कदम करार दिया।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधि, वरिष्ठ ग्रामीण और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। ग्राम सभा का माहौल उत्साह और संकल्प से भरा रहा।
अल्दा गांव से साफ संदेश — नशे को ना, सुरक्षा को हां!




