एसओजी पर हमला, सिपाही का सिर फोड़ा, चोरी की बैटरियों की घेराबंदी पर बवाल, पिस्टल छीनने की कोशिश…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली में चोरी की बैटरियां ले जा रहे वाहन को पकड़ना एसओजी टीम को भारी पड़ गया। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के पदारथपुर के पास गुरुवार रात चोरों और उनके साथियों ने पुलिस टीम पर अचानक हमला बोल दिया। लोहे की रॉड से वार कर एसओजी के सिपाही मधुर का सिर फोड़ दिया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
बताया गया कि कुछ दिन पहले बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक साइट पर खड़े पांच डंपरों से महंगी बैटरियां चोरी कर ली गई थीं। इसी मामले के खुलासे में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। गुरुवार रात सूचना मिली कि चोरी की बैटरियां एक वाहन में लादी जा रही हैं। इस पर एसओजी-2 प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पदारथपुर के पास वाहन की घेराबंदी कर ली।
वाहन से उतरकर भागे आरोपी, पीछा करने पर हमला
घेराबंदी होते ही वाहन में सवार दोनों आरोपी उतरकर भागने लगे। एक आरोपी नाले की ओर भागा, जिसे सिपाही मधुर ने दौड़ाकर पकड़ लिया। इसी दौरान सड़क पर वाहन खड़ा होने से जाम लग गया। जाम में फंसे एक डंपर चालक ने पुलिस से अभद्रता शुरू कर दी और पास ही मंदिर पर बैठे अपने साथियों को आवाज दे दी।
मंदिर पर बैठे दबंगों ने पुलिस टीम पर बोल दिया हमला
डंपर चालक के इशारे पर मंदिर पर बैठे दबंग मौके पर आ गए और पुलिस टीम पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने सिपाही से पिस्टल छीनने की कोशिश की और लोहे की रॉड से सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एसओजी टीम ने तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर इंस्पेक्टर चंद्र प्रकाश शुक्ला और आसपास की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। देर रात तक चली दबिश के बाद पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है और अन्य साथियों की तलाश जारी है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस टीम पर हमले का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी की बैटरियों के पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।




