Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

06/02/2026

भुता के अलीपुर में राशन वितरण में अनियमितताओं की आशंका: आक्रोशित ग्रामीणों का आपूर्ति कार्यालय पर प्रदर्शन…

Spread the love

सत्यम गौड़। फरीदपुर

भुता ब्लॉक के हरेली अलीपुर गांव में सरकारी राशन वितरण में अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को आंदोलन के तीसरे दिन ग्रामीणों ने फरीदपुर स्थित आपूर्ति कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और कोटेदार पर राशन में कटौती व अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए।
      ग्रामीणों ने पूर्ति निरीक्षक सुनील भटनागर को सामूहिक शिकायती पत्र सौंपते हुए बताया कि गांव की कोटेदार सरला देवी के पति रविंद्र गुप्ता द्वारा पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों को प्रति यूनिट आधा किलो कम राशन दिया जा रहा है। विरोध करने पर कार्डधारकों से अभद्रता और दबंगई की जाती है।
    ग्रामीणों का आरोप है कि अंत्योदय कार्ड धारकों को भी निर्धारित 35 किलो के बजाय केवल 32 किलो राशन दिया जा रहा है। इस संबंध में वे कई बार गांव स्तर पर विरोध कर चुके हैं और आपूर्ति विभाग को मौखिक सूचना भी दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
         लगातार शिकायतों के बावजूद सुनवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को फरीदपुर में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और तत्काल जांच व कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ राशन कार्ड धारकों के कार्ड गलत तरीके से कटवा दिए गए हैं।
     इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक सुनील भटनागर ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर पहुंचकर जल्द ही जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिन ग्रामीणों के राशन कार्ड कट गए हैं, उन्हें दोबारा आवेदन कर कार्ड बनवाने की सलाह दी गई है।
      शिकायतकर्ताओं में रेखा देवी, सुनीता, ममता, बिजरानी, प्रियांशु कुर्मी, सर्वेश सिंह, रोहित सिंह, अंकित कुमार, गोपाल यादव सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


Spread the love