शादी का वादा, भरोसे का फायदा… फिर मुकर गया युवक, युवती की शिकायत पर पहुंचा सलाखों के पीछे….
Oplus_16908288
बिलासपुर। शादी का सपना दिखाकर एक युवती के साथ लंबे समय तक संबंध बनाने और बाद में विवाह से इंकार करने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, युवती की पहचान वर्ष 2025 में एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और नजदीकियां भी बढ़ने लगीं। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर युवती का विश्वास जीता और इसी भरोसे के आधार पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि जब उसने विवाह की बात की, तब युवक ने अपने वादे से पीछे हटते हुए शादी करने से साफ मना कर दिया।
खुद को ठगा हुआ महसूस करने के बाद युवती ने पुलिस की शरण ली और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपी की तलाश की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र 34 वर्ष है और वह बिलासपुर शहर का निवासी है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा रही है ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके और दोषियों पर कानून का शिकंजा कसा जा सके।









