NEET री-एग्जाम के दौरान छात्रा की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती, परीक्षा केंद्र पर मची अफरा-तफरी…
सत्यम गौड़। बरेली
NEET-UG 2026 की पुनः परीक्षा के दौरान बरेली कॉलेज परिसर स्थित ब्लॉक-ई परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला परीक्षार्थी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार इज्जतनगर क्षेत्र के मुंशी नगर निवासी तन्वी परीक्षा दे रही थी। परीक्षा के दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई, जिससे केंद्र पर मौजूद परीक्षार्थियों और कर्मचारियों में चिंता का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्रा को रामपुर गार्डन स्थित धनवंतरी अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में छात्रा का उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार समय रहते उपचार मिलने से उसकी हालत में सुधार हुआ और अब वह खतरे से बाहर है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि छात्रा की स्थिति सामान्य है तथा उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि छात्रा की तबीयत बिगड़ने की घटना के बावजूद परीक्षा केंद्र पर किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई और परीक्षा निर्धारित समय के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
रविवार को प्रदेश के 59 जिलों में NEET-UG 2026 की पुनः परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें करीब साढ़े तीन लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली। इस बार अभ्यर्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रश्नपत्र जीपीएस युक्त वाहनों के माध्यम से केंद्रों तक पहुंचाए गए तथा सभी केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की गई। प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और बायोमेट्रिक जांच भी कराई गई।









