मां के अधूरे सपनों को मिला सहारा: बेटे को मिली सरकारी नौकरी, भावुक कर देने वाला पल…
सारंगढ़-बिलाईगढ़। एक मां के निधन के बाद परिवार पर आए संकट के बीच प्रशासन ने संवेदनशील पहल करते हुए उसके बेटे को रोजगार का सहारा दिया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने आकाश एक्का को अनुकंपा नियुक्ति का आदेश सौंपा।
आकाश एक्का की माता स्वर्गीय सुशीला एक्का शासकीय सेवा में पर्यवेक्षक पद पर कार्यरत थीं। सेवा के दौरान उनके निधन के बाद परिवार के सामने आजीविका की चुनौती खड़ी हो गई थी। जिला स्तरीय चयन समिति की अनुशंसा के बाद आकाश एक्का को भृत्य पद पर नियुक्ति प्रदान की गई।
नियुक्ति आदेश मिलने के साथ ही परिवार को आर्थिक संबल और भविष्य की नई उम्मीद मिली है। प्रशासन का कहना है कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य ऐसे परिवारों को सहारा देना है, जिनके मुखिया की सेवा काल में मृत्यु हो जाने से परिवार कठिन परिस्थितियों में पहुंच जाता है।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने नियुक्ति आदेश सौंपते हुए आकाश एक्का को जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ शासकीय दायित्व निभाने की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कलेक्टर कार्यालय के अधीक्षक लक्ष्मीनारायण यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
एक मां की सेवा और संघर्ष की विरासत अब बेटे के हाथों आगे बढ़ेगी। यह नियुक्ति सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि मुश्किल समय में परिवार को मिली नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता की राह है।










