Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

21/06/2026

बिलासपुर में कानून का खौफ खत्म? अपोलो चौक पर युवक को अगवा कर बेरहमी से पीटा, FIR के 24 घंटे बाद भी आरोपी बेखौफ!..

Spread the love

( भुनेश्वर निराला) आवाम की आवाज़ न्यूज़|सारंगढ़

बिलासपुर। शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। सरकंडा थाना क्षेत्र के अपोलो चौक में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद FIR दर्ज होने के बावजूद 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने पर भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक मोपका निवासी दीपक चंद्रा 15 जून की रात अपने घर लौट रहा था। तभी अपोलो चौक के पास पुराने विवाद को लेकर कुनाल वर्मा उर्फ “क्राइम” और उसके साथियों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाश धारदार हथियारों से लैस थे और उन्होंने पहले गाली-गलौज की, फिर जबरन युवक को अपने साथ ले जाकर एसबीआई बैंक के पास स्थित मैदान में बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने हाथ-मुक्कों, बेल्ट और अन्य वस्तुओं से हमला किया, जिससे उसके चेहरे, आंख, पीठ और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। युवक ने किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर अपनी जान बचाई, वरना घटना किसी बड़ी वारदात में बदल सकती थी।

मामले में सरकंडा पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन पीड़ित का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। सवाल उठ रहे हैं कि जब गंभीर आरोपों में नामजद शिकायत दर्ज हो चुकी है तो आखिर आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से दूर क्यों हैं? क्या अपराधियों में कानून का डर खत्म हो चुका है या फिर कार्रवाई में कहीं ढिलाई बरती जा रही है?

फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। लेकिन तब तक शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।


Spread the love