दो शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, दो बाइक बरामद: फरीदपुर पुलिस ने ताहिर और मानू को दबोचा…
सत्यम गौड़। बरेली
फरीदपुर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार रात आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं। ये आरोपी चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया।
मुखबिर की सूचना पर फरीदपुर बाईपास जीरो प्वाइंट के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी की। टीम ने ताहिर (पुत्र इस्लाम) और जहीर उर्फ मानू (पुत्र सगीर खान), निवासी मोहनपुर ठिरिया, थाना कैंट, को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों ने कैंट और बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात कबूल की। वे इन बाइकों को बेचकर पैसे कमाते थे। बरामद वाहनों में एक होंडा लिवो और एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल शामिल हैं।
जांच में पुष्टि हुई कि दोनों वाहन चोरी के थे। इनके संबंध में कैंट और बिथरी चैनपुर थानों में पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि वाहन चोरी की वारदातों में शामिल दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। उनके आपराधिक इतिहास की भी गहनता से जांच की जा रही है।
मंगलवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का मानना है कि इन आरोपियों की गिरफ्तारी से वाहन चोरी की कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल, पुलिस उनके पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।










