15/11/2026

महासमुंद में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू, पहले दिन 616 किसानों के लिए जारी हुआ टोकन

IMG-20261115-WA0008
Spread the love

 

188 उपार्जन केंद्रों में 24,547 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य, झालखम्हरिया केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ हुआ शुभारंभ

 

महासमुंद। छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। जिले में खरीदी अभियान का शुभारंभ झालखम्हरिया धान उपार्जन केंद्र में परंपरागत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। किसानों ने कांटा-बांट की पूजा कर धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान धान बेचने पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया।

धान खरीदी के पहले दिन जिले के 188 उपार्जन केंद्रों में 616 किसानों के लिए टोकन जारी किए गए हैं। इनके माध्यम से कुल 24,547 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 

पहले दिन दो किसानों ने बेचा धान

झालखम्हरिया उपार्जन केंद्र में पहले दिन ग्राम लभरा के किसान विमल ध्रुव ने 200 कट्टा और ग्राम पतेरापाली के किसान चेतन चंद्राकर ने 138 कट्टा धान का विक्रय किया। किसानों ने केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि टोकन के अनुसार खरीदी और कर्मचारियों के सहयोग से उन्हें धान बेचने में कोई परेशानी नहीं हुई।

 

किसानों ने शासन की किसान हितैषी योजनाओं और आदान सहायता राशि के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।

 

किसानों की सुविधा के लिए प्रशासन ने की व्यापक तैयारी

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने कहा कि धान खरीदी किसानों के परिश्रम और उनकी आर्थिक समृद्धि से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

उन्होंने बताया कि कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर जिले के सभी 188 उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अधिकारियों और समिति कर्मचारियों को खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

 

अवैध धान परिवहन रोकने 15 चेक पोस्ट स्थापित

 

धान खरीदी के दौरान अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण रखने के लिए जिले में 15 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, 14 नवंबर को कार्रवाई करते हुए 300 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया था। प्रशासनिक टीम लगातार निगरानी कर रही है, ताकि वास्तविक किसानों से ही धान की खरीदी सुनिश्चित हो सके।

 

सीईओ अनुपमा आनंद ने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन लेकर ही उपार्जन केंद्र पहुंचें। धान को अच्छी तरह सुखाकर और निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप केंद्र में लाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और खरीदी केंद्रों में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर रवि साहू, समिति अध्यक्ष श्याम साकरकर, खाद्य विभाग एवं सहकारी समिति के नोडल अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


Spread the love

You may have missed