12/11/2026

ऑपरेशन बाज: बिलासपुर रेंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक माह में 1081 स्थाई वारंटों की तामीली

IMG-20261112-WA0000
Spread the love

 

बिलासपुर। बिलासपुर रेंज में लंबित स्थाई वारंटों की तामीली के लिए पुलिस ने विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” चलाया। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर 8 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक चले इस एक माह के अभियान में रेंज के आठ जिलों में कुल 1081 स्थाई वारंटों की तामीली की गई। इस कार्रवाई में कई ऐसे वारंटी भी पकड़े गए, जो वर्षों से पुलिस रिकॉर्ड में फरार चल रहे थे।

 

पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने रेंज के जिलों में लंबित स्थाई वारंटों की समीक्षा के दौरान पाया था कि न्यायालयों से फरार वारंटियों के विरुद्ध जारी बड़ी संख्या में स्थाई वारंट थानों में लंबित हैं। इसके बाद उन्होंने एक माह का विशेष अभियान चलाकर वारंटियों की तलाश और गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

 

अभियान के तहत सभी जिलों के लंबित वारंटों की समीक्षा कर जिलेवार लक्ष्य निर्धारित किए गए। वारंटों को अंतर थाना, अंतर जिला, अंतर रेंज, अंतर राज्य और प्रदेश के बाहर की अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर आधुनिक तकनीकों की सहायता से वारंटियों की पतासाजी की गई।

 

इस विशेष अभियान में बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वारंटों की तामीली की। वहीं रायगढ़ और कोरबा जिले का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा।

 

अभियान के दौरान कुछ वारंटियों की मृत्यु होने की जानकारी भी सामने आई। ऐसे मामलों में मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए, ताकि लंबित प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

 

आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों और पुलिस टीमों को पुरस्कृत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलों को भविष्य में सुधार लाने की हिदायत दी गई है।

 

आईजी श्री गर्ग ने कहा कि इस तरह के अभियान समय-समय पर चलाए जाते रहेंगे, ताकि बिलासपुर रेंज में लंबित स्थाई वारंटों की संख्या कम की जा सके। ऑपरेशन बाज के सफल परिणाम से न्यायालयों में वर्षों से लंबित उन मामलों के निराकरण का रास्ता भी खुला है, जो वारंटों की तामीली नहीं होने के कारण अटके हुए थे।


Spread the love

You may have missed