03/11/2026

जशपुर में दर्दनाक हादसा: बाइक से गिरकर युवक की मौत, शव वाहन नहीं मिला तो ट्रैक्टर से पहुंचाया अस्पताल!

Oplus_131072

Oplus_131072

Spread the love

 

पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पालीडीह में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। कमला राइस मिल के पास हुए इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। घटना के बाद शव को अस्पताल पहुंचाने के लिए वाहन उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई, जिसके चलते परिजनों और ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मृतक की पहचान ग्राम काडरो निवासी नरेश नाग, पिता जगतराम नाग के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, नरेश नाग पटाखा फैक्ट्री में काम करता था। काम खत्म करने के बाद वह अपने जीजा के घर जाने के लिए मोटरसाइकिल से निकला था। इसी दौरान पालीडीह स्थित कमला राइस मिल के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

 

शव वाहन नहीं मिलने से दो घंटे तक परेशान रहे परिजन

 

हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लेकिन घटना के बाद शव को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए शव वाहन की व्यवस्था नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि परिजन और ग्रामीण करीब दो घंटे तक वाहन मिलने का इंतजार करते रहे।

 

जब कोई उचित व्यवस्था नहीं हो पाई, तब ग्राम सरपंच और डायल 112 की सहायता से शव को पत्थलगांव अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया। अंततः मजबूरी में ट्रैक्टर के माध्यम से शव को अस्पताल पहुंचाया गया।

 

व्यवस्था पर उठे सवाल

 

सड़क हादसे में युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, शव वाहन उपलब्ध नहीं होने की घटना ने आपातकालीन स्वास्थ्य एवं परिवहन व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसी परिस्थितियों में समय पर शव वाहन उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है, ताकि शोकाकुल परिवार को अतिरिक्त परेशानियों का सामना न करना पड़े।

 

फिलहाल पुलिस ने शव पंचनामा की कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

आवाम की आवाज़ न्यूज़


Spread the love

You may have missed