रायगढ़ में युवती पर अशोभनीय टिप्पणी करने वाला ऑटो चालक गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

रायगढ़। सार्वजनिक स्थान पर युवती के प्रति अभद्र टिप्पणी करने वाले ऑटो चालक को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कार सवार युवती की ओर इशारा करते हुए अशोभनीय टिप्पणी की थी। मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
जाम के दौरान युवती पर की अभद्र टिप्पणी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को 22 वर्षीय युवती अपने पति के साथ पूंजीपथरा से रायगढ़ परीक्षा देने आई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम करीब 4:50 बजे दोनों कार से वापस घर जा रहे थे।
होटल ट्रिनिटी के पास मुख्य मार्ग पर जाम होने के कारण उन्होंने अपनी कार रोक दी और शीशा नीचे किया। इसी दौरान ऑटो क्रमांक CG 13 BC 8268 का चालक कार के पास पहुंचा और युवती की ओर इशारा करते हुए अशोभनीय टिप्पणी करने लगा। आरोपी के इस व्यवहार से युवती के सम्मान को ठेस पहुंची।
शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया अपराध
घटना के बाद युवती ने थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 79 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
ऑटो के पंजीयन नंबर के आधार पर चालक की पहचान उमाशंकर साहू, पिता टीकम साहू, उम्र 37 वर्ष, निवासी राजीव नगर कोतरारोड, रायगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।
महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी, अशोभनीय व्यवहार और छेड़छाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
स्रोत: रायगढ़ पुलिस प्रेस विज्ञप्ति, दिनांक 1 नवंबर 2026

















