Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

18/09/2026

PDS राशन दुकानों में लाखों की अनियमितता, फरार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में…

Spread the love

 

रायगढ़, 18 सितंबर 2026। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित राशन दुकानों में खाद्यान्न की भारी कमी सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। धरमजयगढ़ क्षेत्र के ससकोबा और गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्य विभाग की जांच के दौरान लाखों रुपये के चावल, शक्कर और नमक का हिसाब नहीं मिलने पर पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

 

ससकोबा राशन दुकान में करीब 12.89 लाख का खाद्यान्न कम

 

ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 का खाद्य विभाग की टीम ने 3 सितंबर 2026 को निरीक्षण किया था। जांच के दौरान दुकान के रिकॉर्ड और उपलब्ध स्टॉक का मिलान करने पर 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया।

 

विभागीय आकलन के अनुसार गायब खाद्यान्न की कुल कीमत लगभग 12 लाख 89 हजार 375 रुपये है।

 

जांच में यह बात भी सामने आई कि अगस्त माह में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें राशन उपलब्ध नहीं कराया गया।

 

मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ चौकी रैरूमाखुर्द में अपराध क्रमांक 288/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत प्रकरण कायम किया।

 

इस मामले में उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि विक्रेता बिहारी राठिया अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

 

गनपतपुर में करीब 18.86 लाख के खाद्यान्न का हिसाब नहीं

 

दूसरा मामला गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 से जुड़ा है। खाद्य विभाग की जांच में यहां भी स्टॉक में बड़ी कमी सामने आई।

 

जांच के दौरान 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम पाया गया। विभाग के अनुसार इसकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये है।

 

जांच दस्तावेजों के आधार पर दुकान के संचालन से जुड़े जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शाहनवाज उर्फ मौसम खान के खिलाफ अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज किया गया है।

 

अस्पताल में भर्ती होने की सूचना के बाद पुलिस ने की तलाश

 

पुलिस को जानकारी मिली थी कि इस मामले का आरोपी शाहनवाज उर्फ मौसम खान, निवासी पीपरमार, धरमजयगढ़, सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में उपचार करा रहा था। चौकी रैरूमाखुर्द पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

 

इसी दौरान आरोपी के गांव में दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और शाहनवाज उर्फ मौसम खान को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

 

तीन आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी

 

पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में अभी कुछ आरोपी फरार हैं। ससकोबा राशन दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर दुकान से संबंधित रूबीना खान और शाहिन खान की तलाश जारी है।

 

खाद्य विभाग की जांच में सामने आई खाद्यान्न की कमी और हितग्राहियों को राशन वितरण में कथित अनियमितता के आधार पर पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है।


Spread the love