बिलासपुर: खेत में मौत बनकर दौड़ा करंट… मां और दो बेटों की एक साथ दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़…
बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। खेत में घेराबंदी का काम कर रहे एक ही परिवार के तीन सदस्य अचानक करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि मां और उसके दोनों बेटों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दसन बाई अपने खेत की मेड़ पर मवेशियों के प्रवेश को रोकने के लिए जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं। इस काम में उनका 23 वर्षीय बेटा विवेक सिंगरौल और 14 वर्षीय बेटा सत्यव्रत सिंगरौल भी मदद कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लोहे के तार में करंट प्रवाहित हो गया और तीनों उसकी चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, घटना के समय काम पर गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर जब पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले तो उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद जब वे खेत पहुंचे तो वहां पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर वे बेसुध हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम अगले दिन कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए।
प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना सामने आया है। हालांकि जीआई तार में करंट कैसे आया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि किसी विद्युत लाइन के संपर्क या तकनीकी खराबी के चलते तार में करंट प्रवाहित हुआ होगा। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक ही पल में मां और दो जवान बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।













