नदी के टापू से चल रहा था अवैध शराब का खेल, कोतवाली पुलिस ने मारी दबिश, 65 लीटर महुआ शराब के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार…
आवाम की आवाज़ न्यूज़// भुनेश्वर निराला
रायगढ़। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने एक ऐसी जगह पर छापा मारा, जहां नदी के बीच टापू में तैयार की गई महुआ शराब को बाजार तक पहुंचाने की तैयारी चल रही थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ हो गया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम लाखा क्षेत्र में कुछ लोग बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब संग्रहित कर उसे बिक्री के लिए तैयार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने रणनीति बनाकर मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों में हड़कंप मच गया, लेकिन घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया।
जांच के दौरान आरोपियों की पहचान विवेक दास महंत, संजय दास महंत और आकाश यादव के रूप में हुई। तलाशी लेने पर मुख्य आरोपी के कब्जे से 65 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। वहीं मौके से ट्रक के रबर ट्यूब भी मिले, जिनका उपयोग शराब के परिवहन के लिए किया जाना था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
ऑपरेशन आघात से शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप
रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है। पुलिस का कहना है कि जिले में कहीं भी नशे का अवैध कारोबार संचालित होने की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का साफ संदेश
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबारियों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई होती रहेगी।
नदी के टापू से चल रहे इस अवैध कारोबार का खुलासा पुलिस की सतर्कता और मुखबिर तंत्र की सक्रियता का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।









