थाना पूंजीपथरा की बड़ी कार्रवाई: बाइक से महुआ शराब की तस्करी कर रहा युवक गिरफ्तार, 40 लीटर शराब जब्त…
आवाम की आवाज़ न्यूज़ //भुनेश्वर निराला
रायगढ़। जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से महुआ शराब की खेप लेकर जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार थाना पूंजीपथरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल में अवैध महुआ शराब लेकर क्षेत्र में बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम सामारूमा तालाब के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम करन साहू (19 वर्ष) निवासी नावापारा, थाना घरघोड़ा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 40 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई जा रही है।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी शराब को अवैध रूप से बिक्री करने के उद्देश्य से परिवहन कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।
थाना पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाई और तेज की जाएगी ताकि नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।









