डीजल संकट की अफवाहों पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर के निर्देश के बाद पेट्रोल पंपों पर ताबड़तोड़ जांच….
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में डीजल को लेकर फैल रही अफवाहों और अनावश्यक भंडारण की खबरों के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के सख्त निर्देश के बाद तहसीलदार सारंगढ़ एन.के. सिन्हा ने शहर और आसपास के कई पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान इब्राहिम जी मुल्ला पेट्रोल पंप, आदर्श पेट्रोल पंप और आदर्श फ्यूज आरव पेट्रोल पंप में डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद मिला। प्रशासन ने साफ किया कि किसानों, एम्बुलेंस सेवाओं, परिवहन और जरूरतमंद नागरिकों के लिए डीजल की कोई कमी नहीं है।
तहसीलदार ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को डीजल देने में लापरवाही न बरती जाए। साथ ही कालाबाजारी, जमाखोरी और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोग घबराकर अनावश्यक रूप से डीजल-पेट्रोल का भंडारण न करें। इससे कृत्रिम संकट की स्थिति बन सकती है और वास्तविक जरूरतमंदों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में ईंधन की सप्लाई सामान्य है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों की टीम आने वाले दिनों में भी पेट्रोल पंपों की जांच जारी रखेगी ताकि आम जनता और किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।









