108 EMT और पायलट की सूझबूझ से घायलों को मिला समय पर उपचार…
रिपोर्टर _ दिलीप वर्मा
सिमगा/बेमेतरा :: रायपुर से कवर्धा जाने वाले मुख्य मार्ग पर मटका (बेमेतरा) के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दम्पति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कवर्धा जिले के प्रतापगढ़ निवासी दिलेश्वर बर्मन उम्र 36 वर्ष अपनी पत्नी प्रतिमा बर्मन उम्र 34 वर्ष के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान मटका के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में प्रतिमा बर्मन के पैर में गंभीर चोट आई है, वहीं दिलेश्वर बर्मन के पैर की दो उंगलियां टूट गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना 108 संजीवनी एक्सप्रेस को दी। सूचना मिलते ही सिमगा 108 संजीवनी एक्सप्रेस (GVK EMRI GHS) की टीम बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंची।
108 टीम के EMT लुपेंद्र कुमार एवं पायलट शब्बीर खान ने ERCP के दिशानिर्देश अनुसार घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिमगा लाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार किया गया।
मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर एस. साहिल ने बेहतर उपचार हेतु दोनों को मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर कर दिया। वर्तमान में दोनों का इलाज रायपुर में जारी है।
स्थानीय लोगों ने 108 संजीवनी टीम की त्वरित सेवा और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर उपचार मिलने से घायलों को राहत मिली। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है ।









