Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

19/05/2026

रस्सी से बांधकर युवक की बेरहमी से पिटाई… VIDEO वायरल होते ही मचा हड़कंप, 2 महिलाओं समेत 4 आरोपी गिरफ्तार….

Spread the love

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को “पागल” कहकर पहले बेइज्जत किया गया, फिर रस्सी से बांधकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और 2 महिलाओं समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, बागबहार थाना क्षेत्र के ग्राम झारपारा निवासी जोगेंद्र बढ़ाई (50 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 29 अप्रैल को वह अपने घर में लकड़ी का काम कर रहा था। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाले नवीन बंजारा और दिनेश बंजारा उसे लगातार “पागल” कहकर गाली-गलौज कर रहे थे। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया और वजह पूछी, तब आरोपियों का गुस्सा भड़क उठा।
आरोप है कि दोनों भाइयों ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर जोगेंद्र को रस्सी से बांध दिया और डंडे व लोहे की सरिया से जमकर मारपीट की। इस दौरान गांव के ही किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भी भारी नाराजगी देखने को मिली।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बागबहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों — नवीन बंजारा (35), भगवती बंजारा (60), दिनेश बंजारा (42) और अंजुलता बंजारा (31) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल रस्सी, डंडा और लोहे की सरिया भी जब्त की है।
इस पूरे मामले को लेकर जशपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने साफ कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।


Spread the love