रिश्वतखोरी के आरोपों से घिरा वन विभाग: वनपाल का कथित वीडियो वायरल, जांच तेज….
सारंगढ़-बिलाईगढ़ वनमंडल में भ्रष्टाचार के आरोपों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कार्यालय उड़नदस्ता दल में पदस्थ एक वनपाल का कथित रिश्वत लेते वीडियो सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में वनपाल को एक अज्ञात व्यक्ति से नगद राशि लेते, उसे गिनते और जेब में रखते हुए देखा गया, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पत्रकार द्वारा यह वीडियो विभागीय अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए जाने के बाद उड़नदस्ता दल प्रभारी ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। वीडियो के सामने आते ही विभागीय साख पर सवाल उठने लगे और आरोपी वनपाल पर भ्रष्ट आचरण के आरोप तेज हो गए।
उड़नदस्ता प्रभारी ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही आरोपी वनपाल को तत्काल प्रभाव से उड़नदस्ता दल से हटाने और अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग भी विभागीय स्तर पर की गई है ताकि जांच निष्पक्ष रूप से पूरी हो सके।
वन विभाग ने मामले को दबाने के बजाय आधिकारिक जांच उपवनमंडलाधिकारी को सौंपते हुए विस्तृत प्रतिवेदन मांगा है। अब पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है, जिससे यह तय होगा कि वायरल वीडियो में दिख रही गतिविधियां भ्रष्टाचार की श्रेणी में आती हैं या नहीं।
इस घटनाक्रम के बाद वन विभाग के स्थानीय अमले में बेचैनी बढ़ गई है। विभाग के भीतर जवाबदेही, पारदर्शिता और ईमानदारी को लेकर नई बहस शुरू हो चुकी है। जनता की निगाहें अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, क्योंकि यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो यह कार्रवाई वन विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ा संदेश साबित हो सकती है।










