संगठन मजबूती पर फोकस: प्रदेश अध्यक्ष केशव चन्द्राकार से कांग्रेस नेताओं की अहम मुलाकात, चुनावी रणनीति पर हुई चर्चा…
रायपुर | प्रदेश कांग्रेस में संगठन को और मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित हुई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष केशव चन्द्राकार से कांग्रेस पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की।
जिला अध्यक्ष मितेंद्र यादव के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न ब्लॉकों के नवनियुक्त अध्यक्ष शामिल रहे। बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका और आगामी चुनाव में कांग्रेस की वापसी सुनिश्चित करने को लेकर गहन चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को जशपुर में प्रस्तावित कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। इस पर केशव चन्द्राकार ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए 15 मई के बाद कार्यक्रम में आने का आश्वासन दिया।
बैठक में स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने जैसे अहम बिंदुओं पर सहमति बनी।
इस अवसर पर सारंगढ़ ग्रामीण से कृष्णा साहू, सारंगढ़ शहर से शीतल यादव, उलखर-कोसीर से विधाता पटेल, बरमकेला से नवीन इजारदार, सरसीवा से संतोष (लुक्का) और बिलाईगढ़ से ओमप्रकाश विश्वकर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खास बात:
बैठक में साफ संकेत मिले कि कांग्रेस अब जमीनी स्तर पर संगठन को धार देने के साथ चुनावी मोड में पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है। आने वाले समय में ऐसे कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश और एकजुटता बढ़ाने की रणनीति पर जोर रहेगा।









