आंधी-तूफान से सरिया क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बाधित
राहत और सुधार कार्य में जुटे अधिकारी-कर्मचारी
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 1 मई 2026।
सरिया तहसील क्षेत्र में गुरुवार दोपहर आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया।
तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए, जिससे बिजली पोल और तारों को भारी नुकसान पहुंचा है।
कई जगह ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते पूरे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है।
तूफान का सबसे ज्यादा असर बरपाली, कांदूरपाली, पंचधार और बुदबुदा गांवों में देखने को मिला, जहां बिजली लाइनें पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं।
इससे ग्रामीणों को अंधेरे और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घटना के बाद से ही बिजली विभाग की टीम युद्धस्तर पर सुधार कार्य में जुटी हुई है।
डिविजनल इंजीनियर पी.के. महानंदा, असिस्टेंट इंजीनियर बरमकेला गजाधर, जूनियर इंजीनियर सरिया मदन नायक एवं साल्हेओना के किशन भोई के नेतृत्व में लगभग 30-35 कर्मचारियों की टीम मौके पर डटी हुई है।
ठेकेदार मार्तंड पटेल और लोकेश पटेल भी कार्य में सहयोग कर रहे हैं। टीम का मुख्य लक्ष्य जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करना है।
इधर बुदबुदा गांव में ग्रामीणों ने भी सराहनीय पहल करते हुए सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाया, जिससे देर रात तक यातायात बहाल किया जा सका। हालांकि खबर लिखे जाने तक बिजली सुधार कार्य जारी था।
अधिकारियों के अनुसार, लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और शीघ्र ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति शुरू करने की उम्मीद है।
फिलहाल विभाग और स्थानीय ग्रामीण मिलकर हालात को सामान्य बनाने में जुटे हुए हैं।









