वेदांता प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट से मचा हड़कंप: कई घायल, प्रशासन ने बैठाई मजिस्ट्रियल जांच
सक्ति जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। अचानक हुए धमाके के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जहां काम कर रहे कई कर्मचारी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया और राहत-बचाव अभियान युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने बिना देरी किए एम्बुलेंस, मेडिकल टीम और आपात संसाधनों को सक्रिय कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच टीम अब यह पता लगाएगी कि आखिर इतनी बड़ी दुर्घटना किन कारणों से हुई और सुरक्षा मानकों में कहां चूक हुई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जांच रिपोर्ट जल्द सौंपी जाए ताकि जिम्मेदारियों का निर्धारण हो सके।
फिलहाल प्लांट परिसर और आसपास का इलाका प्रशासन की निगरानी में है। पुलिस और राहत दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









