ऑपरेशन “तलाश” में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता, दो साल से फरार ट्रक मालिक अम्बिकापुर से गिरफ्तार…
दिनांक: 10.04.2026
🚨 अमानत में खयानत के मामले में चालक पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
🚨 चालक और ट्रक मालिक की मिलीभगत से प्लांट का माल गोदाम में उतारा गया था
🚨 7.31 लाख कीमत के 12.500 मैट्रिक टन एम.एस. पाइप की हुई थी बरामदगी
रायगढ़, 10 अप्रैल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने अमानत में खयानत के मामले में करीब दो साल से फरार ट्रक मालिक गौतम साहू को अम्बिकापुर से गिरफ्तार किया है।
मामले में प्रार्थी संदीप कुमार दुबे, सुपरवाइजर एस.एस. स्टील एंड पावर प्लांट पाली द्वारा 25 जून 2024 को थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
रिपोर्ट में बताया गया कि 9 जून 2024 को ट्रक क्रमांक CG 15 DD 7119 से 12.500 मैट्रिक टन एम.एस. पाइप (कीमत ₹7,31,370) को बंसल ट्रेडर्स सूरजपुर भेजा गया था, लेकिन चालक द्वारा माल गंतव्य तक नहीं पहुंचाया गया।
मामले में पुलिस ने चालक अवधेश कुमार मेहत्ता उर्फ उदेश के खिलाफ अपराध क्रमांक 158/2024 धारा 407 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान 4 अगस्त 2024 को आरोपी चालक को अम्बिकापुर से गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ में उसने बताया कि उसने ट्रक मालिक गौतम साहू के कहने पर माल को उसके गोदाम में खाली किया था। पुलिस ने उसके मेमोरेंडम के आधार पर पूरा माल बरामद कर लिया था।
घटना के बाद से ट्रक मालिक गौतम साहू फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पूंजीपथरा पुलिस ने अम्बिकापुर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चालक के साथ मिलकर माल को अपने गोदाम में रखवाना और घटना में प्रयुक्त ट्रक को बेच देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी गौतम साहू पिता देव साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी दर्रापारा अम्बिकापुर, थाना मणिपुर, जिला सरगुजा को 9 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक शीतल पाण्डेय एवं आरक्षक विनोद शर्मा की अहम भूमिका रही।
👉 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश
“ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”









