महर्षि कश्यप जयंती पर फरीदपुर में शक्ति प्रदर्शन, सड़कों पर उतरा कश्यप समाज…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर रविवार को फरीदपुर में कश्यप समाज का उत्साह चरम पर नजर आया। फरीदपुर बस स्टैंड से समाज के लोगों ने एकजुट होकर भव्य बाइक रैली निकाली, जिसमें सैकड़ों की संख्या में युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी रही। रैली के दौरान पूरे शहर में जोश और जयकारों का माहौल बना रहा।
रैली बस स्टैंड से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई आगे बढ़ी। सैकड़ों बाइकों का काफिला सड़कों पर लंबी कतारों में नजर आया, जिससे फरीदपुर में एक अलग ही ऊर्जा देखने को मिली। लोगों ने जगह-जगह खड़े होकर रैली का स्वागत भी किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच रैली शांतिपूर्ण ढंग से निकाली गई, जिससे कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी। प्रशासन की निगरानी में आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रैली का समापन बरेली चौराहे पर हुआ, जहां महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान समाज के लोगों ने एकजुट होकर अपने महापुरुष के प्रति सम्मान व्यक्त किया और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
महर्षि कश्यप को हिंदू धर्म में प्रमुख ऋषियों और प्रजापतियों में स्थान प्राप्त है। समाज के लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने और समाज को संगठित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।









