Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

23/03/2026

फरीदपुर से अगवा 9 माह का बच्चा सकुशल मिला, रेलवे स्टेशन से आरोपी दबोची

Spread the love

         तीन दिन में मासूम की बरामदगी, महिला गिरफ्तार

सत्यम गौड़। फरीदपुर

फरीदपुर क्षेत्र से अपहृत नौ माह के मासूम को पुलिस ने महज तीन दिन के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से एक और बच्चा भी मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है।

       बताया गया कि हरदोई जिले के मिरगांव निवासी सुनभला कुमारी ने 20 मार्च को अपने बेटे अरुण के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि एक अज्ञात महिला बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर सघन निगरानी शुरू कर दी।

     इसी क्रम में 23 मार्च को पीताम्बर रेलवे स्टेशन पर एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान बिंदु उर्फ रजनी (48) के रूप में हुई, जो मूल रूप से कुशीनगर की रहने वाली है और वर्तमान में मेरठ में रह रही थी। तलाशी के दौरान उसके पास से अपहृत मासूम अरुण के साथ-साथ करीब साढ़े तीन साल का एक और बच्चा भी मिला।

       इंस्पेक्टर राधेश्याम के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके चलते दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में महिला के अकेले ही घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

      पुलिस ने बच्चों के परिजनों को सूचना दे दी है और उन्हें सुरक्षित सौंपने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी महिला बच्चों को कहां ले जा रही थी और कहीं इसके पीछे कोई गिरोह तो सक्रिय नहीं है। आरोपी महिला को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


Spread the love