Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

24/03/2026

आस्था के दरबार में शर्मनाक घटना, मनोना धाम में महिला भक्त से मारपीट का VIDEO वायरल…

Spread the love

सत्यम गौड़। बरेली

संवाददाता बरेली। जनपद के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मनोना धाम में एक बेहद शर्मनाक और आस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां दर्शन करने आई एक महिला भक्त के साथ धाम में तैनात एक सेवक द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद श्रद्धालुओं और आम लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है।
       बताया जा रहा है कि महिला दर्शन के लिए धाम पहुंची थी, इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और मामला इतना बढ़ गया कि सेवक ने अभद्रता करते हुए महिला के साथ हाथापाई शुरू कर दी। वायरल वीडियो में भी महिला के साथ बदसलूकी के दृश्य देखे जा रहे हैं, जिससे यह मामला और ज्यादा गंभीर हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी सेवक की पहचान अखिलेश सक्सेना के रूप में हुई है, जो बरेली के सुभाष नगर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

         मनोना धाम में रोजाना हजारों श्रद्धालु अपनी आस्था और मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं, जिनमें दूर-दराज से आने वाले लोग भी शामिल होते हैं, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद यहां दर्शन करने आते हैं, ऐसे पवित्र स्थल पर इस तरह की घटना ने सभी को आहत कर दिया है और धाम की व्यवस्था तथा सेवकों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

      घटना के बाद धाम परिसर में श्रद्धालुओं के बीच भारी रोष व्याप्त है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, हालांकि फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि या ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, लेकिन जिस तरह से यह वीडियो तेजी से फैल रहा है, उससे साफ है कि मामला तूल पकड़ चुका है और आने वाले समय में प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव और बढ़ सकता है।


Spread the love