बरेली में पुलिस-मुठभेड़: गोतस्करी के आरोपियों को लगी गोली, 3 बदमाश दबोचे…
सत्यम गौड़। बरेली
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदापुर चौधरी में गोतस्करी की लगातार मिल रही सूचनाओं के बीच सोमवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बाइक सवार गोतस्करी की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सिटी स्टेशन क्षेत्र के पास पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें तीनों आरोपी घायल हो गए।
घायलों की पहचान असलम पुत्र अब्दुल, जीशान पुत्र असलम और नासिर पुत्र रहमतुल्लाह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, असलम पर पहले से ही गोवध और आर्म्स एक्ट के करीब 5 मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन तमंचे, भारी मात्रा में कारतूस, एक बाइक और गोतस्करी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी अपनी गलती मानते हुए पुलिस के सामने माफी मांगते नजर आए।









