आवास के नाम पर घूस लेते सफाई नायक का वीडियो वायरल, नगर आयुक्त ने किया निलंबित…
सत्यम गौड़। बरेली
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में तैनात सफाई नायक देवदास चौहान का रुपये लेते वीडियो वायरल होने के बाद नगर आयुक्त ने उसे निलंबित कर दिया है। आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही थी। नगर आयुक्त ने वीडियो की जांच के साथ ही आरोपी कर्मचारी के खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी है।
वार्ड 27 में तैनात सफाई नायक देवदास चौहान का वीडियो सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से नगर निगम प्रशासन तक पहुंचा। इस वीडियो में सफाई नायक एक व्यक्ति से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास दिलाने के नाम पर खुलेआम रुपयों का लेन-देन करते दिख रहा है। नगर आयुक्त ने इस प्रकरण को निगम की छवि धूमिल करने वाला बताया। प्रारंभिक जांच में सफाई नायक पर लगे आरोप सही पाए जाने पर उसे निलंबित कर दिया। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती है।
निलंबन की अवधि के दौरान देवदास चौहान को नगर स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इस दौरान उसे भत्ता दिया जाएगा। इस कार्रवाई से नगर निगम के कर्मचारियों में खलबली मची है। नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने बताया कि पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी को जांच सौंपते हुए 15 दिन में रिपोर्ट तलब की है। भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।









