बभिया में खनन अधिकारियों पर हमला, गाड़ी में मारी टक्कर…
दो नामजद समेत अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज, दो लोडर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
सत्यम गौड़। बरेली
अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान खनन व राजस्व विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए आरोपियों ने टीम की गाड़ी में टक्कर मार दी।
जिला खनन अधिकारी मनीष कुमार की ओर से थाना कैंट में दो नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 मार्च की रात टीम चेकिंग अभियान पर थी। बभिया क्षेत्र में 15-20 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध खनन करते मिले। टीम को देखकर चालक वाहन लेकर भागने लगे। करीब पांच किलोमीटर पीछा करने के बाद एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया।
16 मार्च की रात दोबारा कार्रवाई के दौरान 10-15 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध खनन करते पाए गए। इसी दौरान एक सफेद कार में सवार कुछ लोग मौके पर पहुंचे और टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए पकड़े गए वाहनों को छुड़ाने का प्रयास करने लगे।
आरोप है कि आरोपियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को भगाने के लिए कहा और सपोर्ट में आई कार से टीम की गाड़ी में टक्कर मार दी, जिससे एक कर्मचारी घायल हो गया।
सूचना पर एसडीएम सदर प्रमोद कुमार और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। टीम ने पीछा कर दो लोडर समेत अन्य वाहन बरामद कर लिए, जिन्हें बभिया चौकी पर खड़ा कराया गया।
इस मामले में कपिल सिंह, महेश और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी नेताओं के साथ फोटो दिखाकर दबाव बनाने की कोशिश करता था।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









