Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

17/03/2026

फर्जी पुलिस कॉल ने ली युवक की जान! गाली-गलौज और धमकी से डरा 25 वर्षीय युवक, आत्महत्या से पहले बनाया वीडियो

Spread the love

जांजगीर-चांपा। जिले में एक युवक की आत्महत्या के मामले में बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक को फोन पर खुद को पुलिसकर्मी बताकर गाली-गलौज और धमकियां दी गई थीं। इसी डर और मानसिक दबाव के कारण युवक ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सनत कुमार कश्यप (25) निवासी चोर भट्टी, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा फिलहाल उरगा क्षेत्र के पताढ़ी स्थित अशोक लीलैंड वर्कशॉप में रहकर काम करता था। कुछ समय पहले उसने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें सनत ने बताया कि उसे पंतोरा चौकी के नाम से फोन कर लगातार गाली-गलौज की गई और थाने आने की धमकी दी गई। इस प्रताड़ना से परेशान होकर वह आत्महत्या कर रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि फोन करने वाला असली पुलिसकर्मी नहीं बल्कि सचिन खरे (30) निवासी गेवराबस्ती, कोरबा था, जिसने खुद को पुलिसकर्मी बताकर युवक को धमकाया था।
पुलिस के अनुसार सचिन खरे की बहन स्नेहा खरे (21) घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। तलाश करने पर सचिन को जानकारी मिली कि वह धीरेन्द्र पाटले नाम के युवक के साथ गई है। धीरेन्द्र का दोस्त होने के कारण सचिन ने सनत कश्यप को फोन कर खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताया और उससे गाली-गलौज करते हुए थाने आने को कहा।
बताया जा रहा है कि इस धमकी से सनत कश्यप बेहद घबरा गया और मानसिक दबाव में आकर उसने आत्महत्या कर ली।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी सचिन खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद बलोदा थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 113/2026, धारा 204 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
इधर, आरोपी की बहन स्नेहा खरे की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना कुसमुंडा, जिला कोरबा में पहले से दर्ज है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

वीडियो 👇


Spread the love

Read More News