सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर विकास यादव की मौत का मामला गरमाया, परिजनों ने एसएसपी से की मुलाकात…
- जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की उठी मांग
सत्यम गौड़। फरीदपुर
संवाददाता फरीदपुर। फरीदपुर तहसील के गांव अहीर गौंटिया निवासी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर विकास यादव (24) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को विकास यादव के परिजन और उनके बड़ी संख्या में समर्थक बरेली स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसएसपी अनुराग आर्य से मुलाकात कर पूरे मामले की गहन जांच कर जल्द खुलासा करने की मांग की।
परिजनों का कहना है कि एक मार्च को होली से पहले बड़ा बाईपास स्थित एक रिसॉर्ट में विकास यादव ने दोस्तों को पार्टी दी थी। पार्टी के दौरान कुछ लोगों के बीच विवाद होने की बात सामने आई थी। बताया जाता है कि विवाद के बाद विकास यादव बाइक से वहां से निकल गए थे।
डोहरा रोड पर गंभीर हालत में मिले थे विकास
रिसॉर्ट से निकलने के बाद डोहरा रोड स्थित घंटाघर चौराहे के पास विकास यादव गंभीर हालत में पड़े मिले थे। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
मृतक के पिता अरविंद यादव ने बिथरी चैनपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनके बेटे के साथ किसी साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया है। उनका कहना है कि यह सिर्फ हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश हो सकती है।
एसएसपी कार्यालय पहुंचे परिजन और समर्थक
गुरुवार को विकास यादव के पिता समेत परिवार के लोग और उनके चाहने वाले बड़ी संख्या में बरेली एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य से मुलाकात कर मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कराने और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
जल्द खुलासे का दिया गया आश्वासन
एसएसपी अनुराग आर्य ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच कराई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में भी काफी चर्चा का माहौल है और लोग मामले के जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।








