प्रयागो इंटर कॉलेज में हंगामा: शिक्षक पर छात्र को पीटने का आरोप, इलाज के लिए भर्ती…
सत्यम गौड़। बरेली
थाना सुभाष नगर क्षेत्र के रविंद्र नगर स्थित प्रयागो इंटर कॉलेज में शिक्षक द्वारा छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। घटना में घायल 15 वर्षीय छात्र कृष्णा अग्निहोत्री को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
भाई से क्लास पूछने पर हुआ विवाद
पीड़ित छात्र कृष्णा अग्निहोत्री ने बताया कि वह प्रयागो इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र है। उसका भाई देव अग्निहोत्री भी उसी स्कूल में पढ़ता है। कृष्णा के अनुसार उसका भाई देव उससे अपना क्लास रूम पूछने आया था। इसी दौरान स्कूल के शिक्षक भगवत सरन वहां पहुंच गए और गुस्से में आकर उसके पेट में घूंसे मारने लगे।

पिटाई के बाद बिगड़ी हालत
आरोप है कि पिटाई के बाद कृष्णा की हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसने अपने परिवार को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन स्कूल पहुंचे और उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
छात्र की मां लवली अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि शिक्षक भगवत सरन ने उनके बेटे को बुरी तरह पीटा, जिससे उसके पेट में तेज दर्द होने लगा।
शिक्षक ने आरोपों से किया इनकार
वहीं शिक्षक भगवत सरन ने मारपीट के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने छात्र को केवल डांटा था। उनका कहना है कि छात्र के पेट में पहले से कोई समस्या रही होगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र के परिजनों ने स्कूल में आकर उनके साथ मारपीट की।








