पेड़ से लटका मिला युवक, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर कस्बे के रजऊ बाजार के सामने सड़क किनारे एक पेड़ से 42 वर्षीय युवक का शव लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विष्णु (42 वर्ष) पुत्र सुल्तान निवासी खुदागंज के रूप में हुई है, जो वर्तमान में फरीदपुर के लाइन पार मठिया मोहल्ले में रह रहा था। बुधवार को रजऊ बाजार के सामने सड़क किनारे एक पेड़ पर युवक का शव लटका देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
घटना के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।








