हाफिजगंज के जंगल में गोकशी की सूचना से मचा हड़कंप…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली के थाना हाफिजगंज क्षेत्र के ग्राम सावरखेड़ा के जंगल में गोवंश कटान की घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन आरोपियों में पुलिस प्रशासन का कोई खास खौफ दिखाई नहीं देता।
संगठनों ने ट्वीट कर उठाई कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। हिंदू जागरण मंच युवा वाहिनी के जिला अध्यक्ष हिमांशु पटेल और हिंदू अंतरराष्ट्रीय हिंदू सेना के अजय पटेल ने ट्वीट कर इस घटना की जानकारी अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को दी। उन्होंने आईजी रेंज बरेली, यूपी पुलिस और बरेली पुलिस को टैग करते हुए मामले में तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा—लगातार हो रही घटनाएं
ग्रामीणों का कहना है कि सावरखेड़ा और आसपास के जंगलों में पहले भी इस तरह की घटनाओं की चर्चा सामने आती रही है। यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसे मामलों में और बढ़ोतरी हो सकती है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में सख्त निगरानी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे।








