बाल खरीदने के बहाने बुलाया, कारोबारी से मारपीट कर 35 किलो बाल लूटे…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर क्षेत्र में बाल खरीदने-बेचने के बहाने बुलाकर एक कारोबारी से मारपीट कर 35 किलो बाल लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
21 जनवरी की घटना
पीड़ित उमेश कुमार पुत्र प्रेम बहादुर, निवासी ग्राम गेला टड़ा थाना नवाबगंज, जिला बरेली ने बताया कि 21 जनवरी 2026 को दोपहर करीब एक बजे उसके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम प्रदीप बताया और बाल खरीदने की बात कही। दोनों के बीच 35 किलो बाल का सौदा 8800 रुपये प्रति किलो के हिसाब से तय हुआ।
भुरे खां गौटिया बुलाकर दिया वारदात को अंजाम
आरोप है कि प्रदीप ने उमेश कुमार को भुरे खां गौटिया, थाना फरीदपुर में माल लेकर आने को कहा। उमेश अपने साथियों संजीव वर्मा और प्रेम बहादुर वर्मा के साथ 35 किलो बाल लेकर बताए गए स्थान पर पहुंच गया।
मारपीट कर छीना माल
पीड़ित का आरोप है कि वहां पहले से मौजूद प्रदीप पुत्र रामवीर, फारुख पुत्र अकील अहमद और सूरज पुत्र विजेंद्र समेत चार अन्य अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन 35 किलो बाल छीन लिए। इसके बाद सभी आरोपी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
21 जनवरी की रात करीब 8 बजे हुई वारदात
पीड़ित के अनुसार यह पूरी घटना 21 जनवरी 2026 की रात करीब 8 बजे हुई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








