जमीन विवाद में मारपीट, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
थाना भुता क्षेत्र के ग्राम फेंजनगर निवासी शहादत हुसैन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपने ही सगे भाई पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि वह पैर से विकलांग है और उसके भाई अमानत ने जमीन के बंटवारे के बावजूद उसके हिस्से की जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की।
बंटवारे के बाद भी जमीन पर कब्जे का आरोप
पीड़ित के अनुसार, जमीन का बंटवारा पहले ही हो चुका है, लेकिन उसका भाई अमानत उसके हिस्से की जमीन पर भी कब्जा करना चाहता है। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज और धमकी देता है।
विरोध करने पर की मारपीट, पत्नी से भी हाथापाई
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने गाली देने से मना किया तो अमानत और उसके साथी गुलशन ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी के साथ भी हाथापाई की गई, जिससे उसे चोटें आईं।
रिपोर्ट वापस लेने की दी जा रही धमकी
पीड़ित का कहना है कि थाना भुता में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी आरोपी लगातार रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता से जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।









