ऑपरेशन तलाश” में कापू पुलिस की कार्रवाई, मारपीट मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत कापू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जमीन विवाद में मारपीट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी उमेश कुमार नट (48 वर्ष) निवासी कण्ड्रजा थाना कापू को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 10 नवंबर 2025 को ग्राम कण्ड्रजा के निवासी बाबू सिंह उर्फ नान्हू उर्फ पप्पू नट ने थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि जमीन के खसरा नंबर 3571/2 को लेकर आरोपी उमेश कुमार नट से लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के दिन आरोपी अपने साथियों विशाल सिंह, जयपाल सिंह और प्रेम सिंह नट के साथ पहुंचा और गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि उमेश नट तलवार लेकर प्रार्थी के घर में घुस गया और साथियों के साथ मिलकर हाथ-मुक्का, डंडे और तलवार से हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
इस मामले में थाना कापू में अपराध क्रमांक 190/2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी उमेश नट घटना के बाद से फरार था।
थाना प्रभारी कापू उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपनी बेटी की सगाई के कारण गांव वापस आया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी के उड़ीसा, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश के शहडोल और छत्तीसगढ़ के महासमुंद क्षेत्र में चोरी व उठाईगिरी की वारदातों में संलिप्त होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
👉 एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की लगातार पताशाजी की जा रही है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








