सड़क हादसे में वॉचमेन की दर्दनाक मौत 14 चक्का ट्रक ने कुचला CCTV में क़ैद पढ़े पूरी ख़बर ..
आवाम की आवाज़ न्यूज़ (भुनेश्वर निराला )
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर सामने आया है, जहां एक बेकाबू ट्रक ने वन विभाग के वॉचमैन की जान ले ली। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक की टक्कर से मोपेड उसके आगे के पहियों में फंस गई और चालक वाहन को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दर्दनाक हादसे में वॉचमैन की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना दल्लीराजहरा–भानुप्रतापपुर मेन रोड पर डौंडी नगर थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान श्याम सिंह मसीयारे (53 वर्ष) निवासी ग्राम परसदा के रूप में हुई है, जो वन विभाग में वॉचमैन के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि 5 मार्च को वे जड़ी-बूटी लेने के लिए डौंडी गए थे। वापस लौटते समय जैसे ही वे कच्चे रास्ते से मेन रोड पर चढ़े, तभी दल्लीराजहरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (CG04 LM 3499) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोपेड ट्रक के आगे के पहियों में फंस गई और वाहन उसे घसीटते हुए राम मंदिर के पास तक ले गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना का लाइव CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों और व्यापारियों ने सड़क पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि इलाके में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।







