होली से पहले ही उजड़ गया घर… भाई की लाश, बहन अस्पताल में ज़िंदगी से जंग
रायपुर से गांव लौट रहे भाई-बहन को पिकअप ने कुचला, मौके पर युवक की मौत
कवर्धा। होली के रंगों के बीच कबीरधाम जिले से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जिस घर में होली की खुशियां पहुंचने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। रायपुर से अपने गांव होली मनाने लौट रहे भाई-बहन की बाइक को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंद दिया। हादसा इतना भयानक था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा नेशनल हाईवे-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग पर बिरकोना के पास हुआ। मृतक की पहचान अमर दीवान के रूप में हुई है, जो रायपुर में पढ़ाई करता था। बताया जा रहा है कि अमर अपनी बहन के साथ बाइक से रायपुर से अपने गांव बोड़तरा होली मनाने के लिए जा रहा था।
अभी दोनों भाई-बहन गांव पहुंचने ही वाले थे कि अचानक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमर दीवान सड़क पर ही गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई और दर्द से तड़पती रही।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवती को जिला अस्पताल कवर्धा पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार पिकअप और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस बेटे के घर आने का इंतजार था, आज उसी की लाश घर पहुंची। पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







