खरसिया के ग्राम परासकोल के खेत में मिला युवक का शव
धारदार हथियार से हत्या की आशंका — अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस..
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
रायगढ़, 1 मार्च।
खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परासकोल में आज सुबह एक युवक का शव खेत में पड़े होने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनिल कुमार चौहान (उम्र 35 वर्ष), पिता स्व. प्यारेलाल चौहान, निवासी ग्राम परासकोल के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी खरसिया, थाना प्रभारी खरसिया, एफएसएल टीम, साइबर सेल एवं डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे और जांच प्रारंभ की।
परिजनों के अनुसार मृतक कल शाम अपने एक मित्र के साथ दूसरे गांव गया था, जहां उसने खाना-पीना किया। रात्रि लगभग 9-10 बजे सड़क की ओर से हल्ला-गुल्ला की आवाज सुनाई दी थी, लेकिन उस समय किसी ने ध्यान नहीं दिया।
आज सुबह खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में मृतक के पेट, गले एवं अन्य स्थानों पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
थाना खरसिया में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भेजा गया है।
🔎 पुलिस संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है तथा मामले के हर पहलू से गहन जांच जारी है।







