बरेली में पिकअप के नीचे दबी छात्रा, मौत:कोचिंग जाते समय हुआ हादसा, चालक फरार…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली में शनिवार सुबह करीब 8 बजे हुए एक पिकअप साइकिल के ऊपर पलट गई। हादसे में साइकिल सवार 11वीं की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बंजरिया चौकी क्षेत्र के बंजरिया मोड़ के पास हुआ।
पिकअप के चपेट में आई छात्रा
लालू नगला निवासी बाबू अली उर्फ महबूब अली की पुत्री कक्षा 11 की छात्रा थी। रोज की तरह सुबह कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी। वह अभी बंजरिया मोड़ के पास ही पहुंची थी कि पीछे से आ रही भैंसों से लदी एक पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार वाहन मोड़ पर संतुलन नहीं बना सका और पलट गया। दुर्भाग्यवश छात्रा उसी की चपेट में आ गई।
हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग चीख-पुकार सुनकर तुरंत मौके पर दौड़े। स्थानीय लोगों ने किसी तरह पिकअप के नीचे दब गई छात्रा को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मासूम बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप में निर्धारित क्षमता से अधिक, करीब पांच भैंसें लदी थीं। अधिक वजन और तेज रफ्तार के कारण वाहन चालक मोड़ पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







